शिया वक्फ बोर्ड में 'महाभारत': मौलाना कल्बे जवाद के वायरल वीडियो पर रिश्तेदार चेयरमैन की दो-टूक— 'जनाब, मैं कुर्सी कब का छोड़ चुका हूँ!

शिया वक्फ बोर्ड में 'महाभारत': मौलाना कल्बे जवाद के वायरल वीडियो पर रिश्तेदार चेयरमैन अली ज़ैदी की दो-टूक— 'जनाब, मैं कुर्सी कब का छोड़ चुका हूँ!

Mansoor Ali✍️

लखनऊ (historysheet.co.in) उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड की सियासत में इन दिनों वह सब कुछ घट रहा है, जो किसी सस्पेंस और ट्विस्ट से भरी राजनीतिक क्राइम-ड्रामा फिल्म में देखने को मिलता है। पर्दे के पीछे की खींचतान, सोशल मीडिया पर वायरल होता धर्मगुरु का वीडियो, कुर्सी से मोह के आरोप और फिर अचानक आया पलटवार—वक्फ बोर्ड के गलियारों में अब रिश्तों पर सियासी रसूख भारी पड़ता नजर आ रहा है। यह टकराव किसी और के बीच नहीं, बल्कि बोर्ड के निवर्तमान अध्यक्ष अली ज़ैदी और उनके ही बेहद करीबी रिश्तेदार व शिया समुदाय के कद्दावर धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद के बीच खुलकर सामने आ गया है।

मौलाना का वह 'वीडियो' जिसने हड़कंप मचा दिया मामले ने तूल तब पकड़ा जब मौलाना कल्बे जवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। वीडियो में मौलाना ने बेहद सख्त और दो-टूक लहजे में यह कह डाला कि अली ज़ैदी का कार्यकाल 22 अक्टूबर को ही कानूनी रूप से स्वतः खत्म हो चुका है। मौलाना के इस कड़े तेवर ने सियासी गलियारों में यह चर्चा छेड़ दी कि शायद मियाद पूरी होने के बावजूद अली ज़ैदी कुर्सी से चिपके रहने की जुगत में हैं।

यह बयान इसलिए भी सियासी विस्फोट से कम नहीं था, क्योंकि शिया वक्फ बोर्ड के इतिहास में मौलाना कल्बे जवाद की हैसियत हमेशा एक 'किंगमेकर' की रही है। बोर्ड की सत्ता की चाबी किसके हाथ में होगी, यह दशकों से मौलाना की रजामंदी से तय होता रहा है। कभी बोर्ड के सबसे चर्चित और विवादित पूर्व अध्यक्ष रहे वसीम रिज़वी (जो अब धर्म परिवर्तन के बाद ठाकुर जितेंद्र नारायण सिंह सेंगर बन चुके हैं) को ताकतवर मुकाम तक पहुँचाने वाले मौलाना ही थे, और बाद में अली ज़ैदी को अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुँचाने में भी उन्हीं का हाथ माना गया। ऐसे में 'अपने ही बनाए सिपहसालार' के खिलाफ मौलाना की यह तल्खी सबको चौंका गई।

ज़ैदी का पलटवार: 'मैं तो 21 को ही चाबी सौंप चुका था' मौलाना के वीडियो से बने दबाव और उठते सवालों के बीच आखिरकार अली ज़ैदी ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने औपचारिक प्रेस नोट जारी कर साफ किया कि उन पर पद से चिपके रहने का इल्जाम पूरी तरह बेबुनियाद है। ज़ैदी ने खुलासा किया कि मौलाना के वीडियो में बताई गई 22 तारीख से एक दिन पहले—यानी 21 अक्टूबर को ही—वे बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) को सभी वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सौंप चुके थे और तब से उन्होंने दफ्तर की चौखट तक नहीं लांघी है।

सियासी आभार और 'सेवा' का पैगाम विदाई संदेश में अली ज़ैदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, दानिश आज़ाद और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए खुद को पार्टी का निष्ठावान सिपाही बताया। उन्होंने संदेश दिया कि पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन सेवा का संकल्प स्थायी है।

बहरहाल, लखनऊ के सियासी और मजहबी गलियारों में अब सबसे बड़ा सवाल यही तैर रहा है कि क्या यह महज एक कार्यकाल का सामान्य अंत है, या फिर 'किंगमेकर' मौलाना और उनके करीबी रहे अली ज़ैदी के बीच खिंची यह लकीर वक्फ बोर्ड की सियासत में किसी नए भूचाल की शुरुआत है।

1 Comments

  1. सभी दोस्तों का बहुत-बहुत शुक्रिया

    ReplyDelete
Previous Post Next Post