Mansoor Ali✍️
मुंबई/लखनऊ (www.historysheet.co.in)। एक वो जमाना था जब पर्दा जल उठता था और कान के पर्दे फाड़ती हुई वो बेस वाली आवाज गूंजती थी—“हम जहां खड़े हो जाते हैं, लाइन वहीं से शुरू होती है!”
चेहरे पर 70 के दशक की कसमसाहट, आंखों में सुलगता गुस्सा और सामने खड़े दर्जनों गुंडों की एक साथ सिट्टी-पिट्टी गुम। जेब से वो खोटा सिक्का उछालकर मौत की आंखों में आंखें डालने वाला 'जय', पुलिस की वर्दी में शेर खान की कुर्सी पर ठोकर मारकर कहने वाला 'विजय'—“जब तक बैठने को न कहा जाए, शराफत से खड़े रहो!”—उस दौर का आम हिंदुस्तानी सिनेमा हॉल की कुर्सियों पर खड़े होकर तालियां पीटता था, क्योंकि उसे लगता था कि सिस्टम चाहे जितना सड़ा-गला हो, अपना ये एंग्री यंगमैन अकेला ही पूरी सल्तनत से भिड़ जाएगा।
मगर साहब, रील का वो खूंखार शेर रियल लाइफ में आकर क्या निकला? एक ऐसा 'महानायक' जो मुंबई की उमस भरी गर्मी में भी खुद को लेदर और जैकेट के भारी-भरकम लबादे में लपेटे खड़ा है। और जलवा देखिए—चारों तरफ बुलेटप्रूफ कांच का एक चलता-फिरता डिब्बा!
जिस जनता ने अपनी जेबें काटकर, सिनेमाघरों के बाहर लाठियां खाकर इन्हें भगवान का दर्जा दिया, आज वही अवाम अपने ही देवता का 'दीदार' किसी म्यूजियम में रखे कांच के शोपीस या एक्वेरियम की मछली की तरह कर रही है। मौत को जेब में रखकर घूमने का दावा करने वाला वो बागी, आज अपने ही मुल्क के मौसम और अपनी ही अवाम के साए से इतना खौफजदा है कि बाहर निकलने के लिए 'पोर्टेबल इन्क्यूबेटर' की ओट ढूंढ रहा है।
हाइपोक्रेसी और सेंस ऑफ ह्यूमर का ऐसा बेजोड़ संगम शायद ही कहीं देखने को मिले। जिस मुल्क में डंका पीटा जाता है कि 'सब चंगा सी', जहां सरदार पटेल और 500-700 साल बाद आए सबसे ताकतवर रहनुमाओं के राज में परिंदा भी पर नहीं मार सकता—उसी मुल्क के सबसे बड़े 'सिस्टम-समर्थक' और सरकार के सबसे वफादार ब्रांड एंबेसडर को अपनी ही दहलीज पर शीशे के बक्से में बंद होना पड़ रहा है।
बच्चन साहब की खामोशी की तो खैर अपनी एक मुकम्मल हिस्ट्रीशीट रही है। मुल्क में छात्रों पर डंडे बरसें—शहंशाह मौन। किसान सड़कों पर साल भर ठिठुरें—शहंशाह खामोश। अल्पसंख्यकों पर हमले हों, दलितों की आवाज दबाई जाए, या खुद उनकी अपनी फिल्म इंडस्ट्री को बॉयकॉट गैंग चौराहे पर घसीट रहा हो—बच्चन साहब के होठों पर ऐसा फेविकोल लगा रहता है कि हिमालय की बर्फ भी पिघल जाए पर इनकी जबान न खुले। चलिए, तब तो समझ आता था कि दूसरों के फटे में पैर कौन अड़ाए, रिस्क क्यों लेना! लेकिन त्रासदी देखिए कि आज जब खुद की जान पर बन आई है, हवा में कोई आहट हुई है, तब भी यह कहने का माद्दा नहीं जुट रहा कि—“सरकार, मुझे डर लग रहा है!”
डर सबको लगता है, गला सबका सूखता है, टांगें सबकी लरजती हैं—लेकिन एंग्री यंगमैन की असली विडंबना यह है कि वो कैमरे के सामने अपना डर भी कुबूल नहीं कर सकता। वो चीख नहीं सकता, वो रो नहीं सकता। बस थरथराते हुए, कांपती टांगों के साथ उस शीशे के डिब्बे में कैद होकर एक बेबस मुस्कान के साथ हाथ हिला सकता है।
एक वो दौर था जब 'दीवार' के मंदिर में उस बागी ने अपने भगवान से आंखें मिलाकर सीना ठोकते हुए कहा था—“आज खुश तो बहुत होगे तुम?”
और आज का यह मंजर देखकर, 70 के दशक का वही पुराना सिनेमाई विजय खुद उस बुलेटप्रूफ शीशे के पार खड़ा होकर कह रहा होगा—“अरे बच्चन साहब, कभी अपनी इस बुजदिली पर भी तो नजर डालिए... और खुद से पूछिए, आज खुश तो बहुत होगे तुम?”
शीशा चाहे जितना भी बुलेटप्रूफ हो बच्चन साहब, वो गोलियां तो रोक सकता है, लेकिन उसके पीछे छिपा हुआ खौफ दुनिया की नजरों से कभी नहीं छुपा सकता!