historysheet.co.in एक्सक्लूसिव: तस्बीह हाथ में, जन्नत का झांसा जेब में... 'दीनदार' ठग हिफजुर्रहमान लखनऊ एयरपोर्ट पर धरा गया!

Mansoor Ali✍️

​लखनऊ/सहारनपुर (historysheet.co.in) चेहरे पर लंबी, सलीकेदार दाढ़ी, हाथ में लगातार फिरती तस्बीह और लबों पर ऐसी चाशनी कि सामने वाला गुनाहगार खुद को समझने लगे... पहली नजर में कोई देख ले तो सोचे कि सीधे सातवें आसमान से कोई नेक रूह जमीन पर उतर आई है। मगर जनाब, यह कलयुग है और यहाँ भेष जितना रूहानी होता है, खेल अक्सर उतना ही शातिराना निकलता है।

​सहारनपुर पुलिस ने आस्था के इसी 'पाकीजा सेल्समैन' यानी महाठग हिफजुर्रहमान को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से तब धर दबोचा, जब वह अपनी ठगी की सल्तनत का दायरा समेटकर हवा में उड़ान भरने की फिराक में था।

उमराह का ख्वाब और जेबें साफ: क्या था 'हजरत' का मॉडस ऑपरेंडी?

​आरोपी हिफजुर्रहमान ने अपने हुलिए को ही अपना सबसे बड़ा 'इन्वेस्टमेंट' बना रखा था। कौम के सीधे-सादे, दीनदार लोगों को यह मुकद्दस सफर यानी उमराह कराने, विदेश भेजने और सऊदी अरब में 'होटल लीज' पर दिलवाकर रातों-रात अमीर बनाने के हसीन ख्वाब दिखाता था।

​लोग तस्बीह के दानों की चमक देखकर यह भूल गए कि सामने वाला 'जन्नत की सैर' के नाम पर उनकी दुनिया की गाढ़ी कमाई साफ करने आया है। जब तक बेचारे अकीदतमंदों को समझ आता कि उनका पासपोर्ट नहीं बल्कि उनका 'काट' दिया गया है, तब तक हजरत करोड़ों समेटकर किसी नए ठिकाने पर अपनी अगली ठगी की तैयारी में जुट चुके होते थे।

​12 एटीएम, महंगा आईफोन... पर तकदीर ने नहीं दिया साथ

​सहारनपुर की थाना मंडी पुलिस काफी दिनों से इस 'नेक दिल' जालसाज की कुंडली खंगाल रही थी। जैसे ही खबर मिली कि हुजूर लखनऊ एयरपोर्ट से रफूचक्कर होने की तैयारी में हैं, पुलिस ने बिना किसी देरी के वहीं उनका अदालत से जेल का तवाफ करा दिया और हथकड़ियां पहना दीं।

​तलाशी में हजरत के पास से जो सामान बरामद हुआ, उसने उनकी 'साधुता' की पूरी पोल खोलकर रख दी:

  • ​12 बैंकों के एटीएम कार्ड: शायद अलग-अलग बैंक में ठगी की किस्तों का हिसाब रखते थे।
  • ​चमचमाता महंगा आईफोन: क्योंकि दीन की बातें सादगी से और ठगी हाई-टेक तरीके से होनी चाहिए।
  • ​पासपोर्ट और अहम दस्तावेज: ताकि कानूनी फंदे से पहले ही किसी और मुल्क में नया दरबार लगाया जा सके।

​अब हवालात में चल रहा है असली 'इंसाफ'

​जो शख्स कल तक लोगों को मक्का-मदीना और सऊदी के होटलों के ख्वाब बेच रहा था, वह फिलहाल सहारनपुर पुलिस की मेहमाननवाजी में हवालात की जमीन नाप रहा है। पुलिस अब प्यार और सख्ती के मिले-जुले अंदाज में यह पूछने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े की सिंडिकेट में और कितने 'मुकद्दस चेहरे' शामिल हैं।

​हिस्ट्रीशीट की दो टूक:

दाढ़ी नई-नई हो या लंबी हो, हाथ में तस्बीह हो या जानमाज़... जब कोई इंसान मज़हब की चाशनी में लपेटकर स्कीम बेचने लगे, तो समझ लीजिए कि उसका इरादा आपको इबादत कराने का नहीं, बल्कि आपकी जेब पर डाका डालने का है।

Post a Comment

Previous Post Next Post