कुरान-हदीस की तालीम की आड़ में 'ठगी की दुकान': सरकारी मदरसे में नौकरी के नाम पर मैनेजर ने ऐंठे ₹17 लाख, थमाया फर्जी नियुक्ति पत्र

— लखनऊ के बहुचर्चित वक्फ मस्जिद 2198 फर्जीवाड़े की तर्ज पर थमाया कूटरचित नियुक्ति पत्र

—घर पर ताला जड़कर फरार हुआ प्रबंधक मोहसिन खान और पूरा परिवार

www.historysheet.co.in की विशेष खोजी रिपोर्ट

Mansoor Ali✍️

लखनऊ/शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। दीनी तालीम और मजहबी इदारों की आड़ में बेरोजगारों की लाचारी का सौदा करने वाले एक संगठित और शातिर सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है। एक नौजवान की मजबूरी, आंखों के सपने और परिवार की खून-पसीने की कमाई को हड़पने के लिए बाकायदा जाल बिछाया गया, 17 लाख रुपये की खुली लूट की गई और बदले में थमा दिया गया एक कूटरचित रद्दी का टुकड़ा—फर्जी नियुक्ति पत्र।


यह पूरा फर्जीवाड़ा ठीक उसी शातिर कार्यशैली की याद दिलाता है, जैसे लखनऊ के पुराना सरदारी खेड़ा आलमबाग स्थित वक्फ मस्जिद संख्या 2198 के मामले में सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के भ्रष्ट तत्वों और जालसाज गिरोह ने कूटरचित दस्तावेजों का खेल रचा था। उसी तर्ज पर सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ और इटवा क्षेत्र में भी आस्था और तालीम का नकाब ओढ़कर फर्जीवाड़े की समानांतर दुकान चलाई जा रही थी। मदरसा अरबिया हशमतिया मेराजुल उलूम का प्रबंधक मोहसिन खान अपने बेटों के साथ मिलकर नौकरी की खुली मंडी सजाए बैठा था। लेकिन जैसे ही कानून का शिकंजा कसा, यह तथाकथित प्रबंधक घर पर ताला जड़कर अपने पूरे कुनबे समेत दुम दबाकर फरार हो गया।

होटल में सजी 'नौकरी की मंडी': 17 लाख में तय हुआ सौदा

शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनौरा मुस्तहकम निवासी गुलाम मोइनुद्दीन यूपी तालीमी बोर्ड से डिग्री हासिल कर लंबे समय से रोजगार की तलाश में भटक रहे थे। इसी बेबसी को भांपकर इटवा के भदोखर निवासी मोहसिन खान (पुत्र साहेबजाद) ने अपना जाल फेंका। मोहसिन मदरसा अरबिया हशमतिया मेराजुल उलूम (भदोखर बाजार) का प्रबंधक है। उसने पीड़ित को झांसा दिया कि मदरसे में फौकानिया (सहायक अध्यापक) का पद खाली है और चयन की पूरी डोर उसी के हाथ में है।

इसके बाद इटवा के जमजम होटल में मोहसिन खान ने अपने दो बेटों—अयाज खान और फैज खान के साथ मिलकर पीड़ित को तलब किया। होटल की मेज पर बैठकर इन जालसाजों ने हुंकार भरी कि 'प्रबंधन हमारे हाथ में है, हम जिसे चाहेंगे उसे कुर्सी पर बैठा देंगे, बस 17 लाख रुपये की व्यवस्था करो'! तालीम के नाम पर सीधे-सीधे 17 लाख रुपये की बोली लगा दी गई।

पाई-पाई जोड़कर दिए 17 लाख, हाथ लगा सिर्फ 'धोखा'

सरकारी मान्यता प्राप्त मदरसे में शिक्षक बनने की उम्मीद में पीड़ित ने अपनी और रिश्तेदारों की गाढ़ी कमाई झोंक दी। चेक, नकद और बैंक ट्रांसफर के जरिए कुल 17 लाख रुपये इन जालसाजों के हवाले किए गए। शातिर इतने थे कि रकम को ठिकाने लगाने के लिए अलग-अलग खातों का इस्तेमाल हुआ; प्रबंधक के कहने पर करीब 3 लाख रुपये वहीदा शौकत हुसैन नामक महिला के खाते में भी ट्रांसफर करवाए गए।

पैसे डकारने के बाद 25 अक्टूबर 2024 को इंटरव्यू का नाटक रचा गया। मदरसे के बजाय पीड़ित को घर बुलाया गया, फर्जी औपचारिकता पूरी की गई और एक सीलबंद लिफाफा थमाते हुए कहा गया कि '15 दिन बाद सीधे मदरसे जाकर कार्यभार संभाल लेना'।

खुला पर्दा: लखनऊ के वक्फ घोटाले जैसी निकली फर्जीवाड़े की पटकथा

15 दिन बीतने के बाद जब पीड़ित खुशी-खुशी अपना नियुक्ति पत्र लेकर मदरसे पहुँचा, तो हकीकत सामने आते ही पैरों तले जमीन खिसक गई। वह तथाकथित नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी, जाली और कूटरचित निकला।

यह जालसाजी हूबहू लखनऊ के पुराना सरदारी खेड़ा (आलमबाग) की वक्फ मस्जिद 2198 में सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड से जुड़े सिंडिकेट द्वारा किए गए जाली दस्तावेजों के खेल जैसी निकली, जहाँ फर्जी कागजों के सहारे पूरे तंत्र को गुमराह किया जाता रहा है।

जब पीड़ित ने प्रबंधक मोहसिन खान से फोन पर बात की, तो उसने पहले खुद को परिवार सहित मुंबई में होना बताकर पल्ला झाड़ा और फोन काट दिया। इसके बाद जब पीड़ित ने अपने 17 लाख रुपये वापस मांगे, तो प्रबंधक और उसके गुर्गे अपनी असली औकात पर आ गए—सरेआम भद्दी गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकियां देकर मुंह बंद रखने को कहा गया।

मुकदमा दर्ज होते ही घर पर लटका ताला, प्रबंधक परिवार समेत फरार

शोहरतगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित गुलाम मोइनुद्दीन की तहरीर पर मु०अ०सं० 90/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संगीन धाराओं:

  • धारा 318(4) (धोखाधड़ी एवं गबन)

  • धारा 338, 336(3), 340(2) (कूटरचित एवं फर्जी दस्तावेज तैयार करना व इस्तेमाल करना)

  • धारा 352 व 351(3) (शांति भंग, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी)

के तहत मुख्य आरोपी प्रबंधक मोहसिन खान, उसके दो बेटों अयाज खान, फैज खान और वहीदा शौकत हुसैन के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।

एफआईआर दर्ज होते ही मुख्य सरगना मोहसिन खान गांव भदोखर स्थित अपने मकान पर ताला जड़कर पूरे कुनबे समेत भूमिगत हो गया है। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन आरोपी फिलहाल फरार है।

विवेचक की अपील: जालसाज की सूचना दें, सलाखों के पीछे पहुंचेगा आरोपी

मामले की तफ्तीश कर रहे शोहरतगढ़ थाने के उपनिरीक्षक सुनील कुमार त्रिपाठी ने स्पष्ट किया है कि नौकरी के नाम पर बेरोजगारों का भविष्य और पूंजी लूटने वाले इस सिंडिकेट को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वांछित अभियुक्त मोहसिन खान की सरगर्मी से घेराबंदी की जा रही है।

विवेचक ने आम जनता से अपील की है कि यदि इस फरार व वांछित अभियुक्त मोहसिन खान के ठिकाने या गतिविधियों के बारे में कोई भी पुख्ता जानकारी मिले, तो तत्काल मोबाइल नंबर 8840626494 पर पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम व पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Historysheet.co.in से संपर्क करने के लिए मोबाइल +917860122277 पर सम्पर्क करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post