वक़्फ़ पर मौलाना सैफ अब्बास का ‘इस्तीफा बम’: शिया-सुन्नी सब खुश, मगर हुजूर... मुतवल्ली मौलानाओं की दाल-रोटी का क्या?
- अहलेबैत यूथ काउंसिल के मंच से उठी ‘सामूहिक प्रबंधन’ की लहर; पांच अंजुमनों को कमान सौंपने पर बनी सहमति
- औकाफ की हिफाजत के लिए मौलाना कल्बे जवाद ने फूंका बड़े आंदोलन का बिगुल; यूपी भर में बयान पर जोरदार चर्चा
Mansoor Ali✍️
लखनऊ (www.historysheet.co.in)। नवाबों के शहर लखनऊ में जब वक्फ संपत्तियों की बात निकलती है, तो अक्सर फ़ाइलें पुरानी और बहसें काफी गरम हो जाती हैं। लेकिन शुक्रवार को छोटा इमामबाड़ा के ट्रस्टी रूम से एक ऐसा फॉर्मूला बाहर आया जिसने न सिर्फ शिया बल्कि सुन्नी हलकों में भी अच्छी-खासी हलचल पैदा कर दी। मौका था ‘अहलेबैत यूथ काउंसिल’ के गठन का, जहां वरिष्ठ शिया धर्मगुरु और मरकजी शिया मून कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैयद सैफ अब्बास नकवी ने मुतवल्ली की कुर्सियों पर काबिज हुजूरों को एक ऐसा आईना दिखा दिया, जिससे कई लोगों के माथे पर पसीना आ गया है।
मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने सीधा और दो-टूक प्रस्ताव रखते हुए कहा:
"वक्फ संपत्तियों के मुतवल्ली के रूप में काम कर रहे उलमा अपने पदों से इस्तीफा दें और प्रत्येक वक्फ की देखरेख के लिए पांच अंजुमनों को मुतवल्ली बनाए जाने की व्यवस्था पर विचार किया जाए।"
यानी साफ लफ्जों में कहें तो—वक्फ किसी एक शख्स की जागीर नहीं, बल्कि कौम की अमानत है। मौलाना नकवी का मानना है कि एकाधिकार की जगह जब पांच अंजुमनों की निगरानी होगी, तो पारदर्शिता खुद-ब-खुद खिंची चली आएगी। उन्होंने इस मॉडल को लखनऊ की चारदीवारी से निकालकर उत्तर प्रदेश के गांवों और कस्बों तक लागू करने की पैरवी की।
शिया-सुन्नी दोनों मुतमइन, पर ‘रोजी-रोटी’ की फिक्र भी कम नहीं
दिलचस्प बात यह है कि मौलाना सैफ अब्बास के इस साहसिक प्रस्ताव की गूंज सिर्फ शिया समुदाय तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे सूबे में सुन्नी बिरादरी ने भी इसका खुले दिल से इस्तकबाल किया है। दोनों तरफ से आवाजें आ रही हैं कि अगर वक्फ की रक्षा करनी है तो संस्थागत पहरेदारी बेहद जरूरी है।
लेकिन जैसा कि हमारे समाज की पुरानी रवायत है—हर इंकलाबी फैसले के साथ एक 'लेकिन' जरूर जुड़ जाता है। गलियारों में धीमी आवाज में यह चर्चा भी जोरों पर है कि साहब, मुतवल्ली उलमा-ए-किराम को कुर्सियों से बेदखल करने की बात तो ठीक है, मगर पहले उनकी रोजी-रोटी और दाल-रोटी का कोई माकूल बंदोबस्त तो कर लीजिए! आखिर इतने बरसों से जिस दस्तरख्वान की कमान उनके हाथ थी, अगर अचानक वह हट गई तो उनकी घरेलू अर्थव्यवस्था पर आने वाले 'वक्फ संकट' की भरपाई कौन करेगा? खैर, सुधार की इस आंधी में अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि क्या उलमा खुद से कुर्सी छोड़ेंगे या अंजुमनें उन्हें 'खुशी-खुशी' विदा करेंगी।
खैराती और वक्फ-अलल-औलाद का नायाब गणित
बैठक में मौलाना रजा हुसैन ने भी इस सामूहिक फॉर्मूले को आगे बढ़ाते हुए एक व्यावहारिक खाका पेश किया:
- खैराती औकाफ: पांच अंजुमनों के सदस्यों की कमेटी बनेगी; एक सदस्य मुतवल्ली का काम देखेगा और बाकी चार उस पर पैनी नजर रखेंगे (ताकि हिसाब-किताब में पाई-पाई का हिसाब रहे)।
- वक्फ-अलल-औलाद: संबंधित परिवार के एक सदस्य को मुतवल्ली बनाया जाए, लेकिन साथ में अंजुमन के चार नुमाइंदे निगरानी के लिए मुस्तैद रहेंगे।
बड़े शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में मौलाना कल्बे जवाद
शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद नकवी ने अहलेबैत यूथ काउंसिल का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि औकाफ के मसले पर अब 'ड्राइंग रूम की बैठकों' से आगे निकलना होगा। उन्होंने वक्फ में कथित घपलों के खिलाफ जल्द ही राजधानी में बड़े पैमाने पर जनशक्ति प्रदर्शन का ऐलान किया और सभी उलमा से मतभेद भुलाकर एक जाजम पर आने की ताकीद की।
वहीं, कल्बे सिब्तैन नूरी ने आगाह किया कि नई कमेटी में सिर्फ उन्हीं लोगों को जगह मिले जिनकी नीयत और दामन दोनों साफ हों। इमाम-ए-जुमा मौलाना सरताज हुसैन ने नौजवानों के जज्बे को सलाम करते हुए हर मुमकिन मदद का भरोसा दिया।
बैठक में मौलाना मुस्तफा अली खान, मौलाना रजा हैदर, मौलाना अफजाल, मौलाना रिजवान और मौलाना रजा अब्बास समेत तमाम प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। अहलेबैत यूथ काउंसिल ने साफ कर दिया है कि वक्फ की हिफाजत अब बंद कमरों का नहीं, बल्कि आम कौम का साझा मिशन होगा—चाहे इसके लिए पुराने निजाम को कितनी ही बेचैनी क्यों न झेलनी पड़े।