Mansoor Ali✍️
www.historysheet.co.in | स्पेशल इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट
अजमेर/लखनऊ: आस्था और अक़ीदत की आड़ में अजमेर शरीफ स्थित हज़रत ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती "ग़रीब नवाज़" की मुकद्दस दरगाह को कुछ तत्वों ने अपनी निजी जागीर और खुली वसूली का अड्डा बना डाला है। मज़ार की पवित्र चौखट पर, जहाँ पूरी दुनिया से हर धर्म और जाति के लोग बिना किसी भेदभाव के सिर्फ अपनी अक़ीदत पेश करने और साहिबे मज़ार के वसीले से अल्लाह पाक की बारगाह में अपने हक़ में दुआ की दरख्वास्त करने आते हैं, वहाँ खादिमों और मुजाविरों की गुंडागर्दी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख को बट्टा लगा दिया है।
हाल ही में सामने आए एक सनसनीखेज वीडियो ने दरगाह परिसर के अंदर चल रहे इस संगठित वसूली रैकेट की पोल खोल दी है। मन्नती धागा बांधने के नाम पर जब एक महिला जायरीन से जबरन पैसे मांगे गए और उसने इंकार कर खुद धागा बांध लिया, तो एक मुजाविर ने बदसलूकी करते हुए पवित्र धागा ही काट डाला। इस पर महिला का गुस्सा फूट पड़ा और उसने भरे मजमे में मुजाविर को उसकी औकात याद दिलाते हुए दहाड़ लगाई— "यह ग़रीब नवाज़ का दरबार है, तेरे बाप का घर नहीं! अपनी बापगीरी घर पर दिखाना... किसका वालिद है तू?" महिला ने सरेआम जायरीनों से अपील की कि इन लुटेरों की जेबों में एक रुपया न डालें और अपनी मेहनत की कमाई वापस निकाल लें।
घरों को बना दिया अवैध होटल, रोजाना करोड़ों के सरकारी राजस्व पर डाका
इस घटना के बाद ऑल इंडिया दरगाह कमेटी के अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने मोर्चा खोलते हुए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू को पत्र भेजकर इस पूरे सिंडिकेट पर सीधा वार किया है। सिद्दीकी ने सबसे बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि दरगाह के मुजाविर और खादिम अपने-अपने रिहायशी मकानों को अवैध होटलों में तब्दील कर चुके हैं।
देश और विदेश से आने वाले अकीदतमंदों को बिना किसी कानूनी पंजीकरण, सराय एक्ट के नियमों या सुरक्षा जांच के इन घरों में ठहराया जाता है और उनसे मनमाना मोटा किराया वसूला जाता है। इस समानांतर और काले कारोबार से सरकार को प्रतिदिन करोड़ों रुपये के राजस्व (टैक्स) का चूना लग रहा है। सुरक्षा एजेंसियों की नाक के नीचे चल रहा यह खेल किसी बड़े खतरे से कम नहीं है।
चादर, चिराग़ा और दुआओं का खुला रेट कार्ड
जमाल सिद्दीकी ने कड़े शब्दों में आरोप लगाया कि साहिबे मज़ार की चौखट पर अक़ीदत को धंधा बना दिया गया है:
- चादर और चिराग़ा के नाम पर उगाही: जायरीनों को फज़ीलत का झांसा देकर मोटी रकम वसूली जाती है।
- 'शॉर्टकट ज़ियारत' का वीआईपी धंधा: घंटों लाइन में लगे आम अकीदतमंदों को दरकिनार कर पैसे लेकर शॉर्टकट से दर्शन कराने का खेल बदस्तूर जारी है।
- दुआओं की बोली: अकीदतमंदों से 'ख़ास दुआ' के नाम पर खुली सौदेबाजी की जाती है।
सिद्दीकी ने दो-टूक कहा कि विदेशों से आने वाले श्रद्धालु जब खादिमों की इस गुंडागर्दी और बदसलूकी का शिकार होते हैं, तो न केवल दरगाह शरीफ की अज़मत तार-तार होती है, बल्कि पूरी दुनिया में भारत का सिर शर्म से झुकता है।
पहचान पत्र दो, अवैध होटल सील करो या बाहर खदेड़ो
कमेटी ने केंद्रीय मंत्री से सख्त मांग की है कि:
- खादिमों द्वारा संचालित सभी अवैध होटलों की तत्काल जांच कर उन्हें सील किया जाए और टैक्स चोरी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जाए।
- दरगाह में तैनात हर खादिम का पुलिस और बायोमेट्रिक सत्यापन हो तथा उनकी सूची सार्वजनिक की जाए।
- खादिमों के भेष में घूम रहे असत्यापित, बाहरी और संदिग्ध तत्वों को बाहर निकालने के लिए अनिवार्य डिजिटल पहचान पत्र लागू किए जाएं।
- दरगाह ख्वाजा साहब अधिनियम, 1955 का कड़ाई से पालन कराते हुए बदसलूकी करने वालों पर गैर-जमानती धाराओं में मुकदमे दर्ज हों।
हिस्ट्रीशीट का सीधा सवाल: साहिबे मज़ार के दर पर अपनी फरियाद लेकर आने वाले अकीदतमंदों को लूटने वाले इन तथाकथित ठेकेदारों पर स्थानीय प्रशासन और दरगाह कमेटी की चुप्पी क्या मिलीभगत का इशारा नहीं है? करोड़ों के टैक्स चोरी और जायरीनों के आत्मसम्मान से खिलवाड़ करने वाले इस सिंडिकेट पर बुलडोज़र और कानून का डंडा कब चलेगा?
Mansoor Ali 📲+917860122277