Mansoor Ali✍️
नई दिल्ली {historysheet.co.in} कहते हैं अपराध की पटकथा चाहे जितनी उम्दा लिखी गई हो, क्लाइमेक्स अमूमन किसी न किसी लॉकअप में ही खत्म होता है। दिल्ली के जोर बाग स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के प्रबंधकों को कागजों का झुनझुना थमाकर 4 करोड़ रुपये का 'सद्भाव' समेटने वाले संजीव दीक्षित उर्फ संजय शर्मा उर्फ पंकज भारद्वाज का फ़िल्मी सफर आखिरकार सलाखों के पीछे आकर ठहर गया है।
राउज एवेन्यू स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने फर्जीवाड़े के इस 'मल्टी-टास्किंग' कलाकार को 7 साल के कठोर कारावास और 1.60 लाख रुपये के जुर्माने का सीधा टिकट थमा दिया है।
कागज़ फर्जी, नीयत असली: 4 करोड़ का 'कलाकंद'
मामला साल 2013 का है, जब संजीव दीक्षित (मैसर्स शंकर मेटल्स के कर्ताधर्ता) और संजय शर्मा (मैसर्स सुपर मशीन्स वाले) ने मिलकर इंद्रा रानी और अन्य अज्ञात सहयोगियों के साथ एक क्लासिक सिंडिकेट रचा। बैंक वालों की आंखों पर फर्जी संपत्ति दस्तावेजों का ऐसा सुरमा लगाया गया कि बैंक ने बिना हिचकिचाए 4 करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट सुविधा मंजूर कर दी। पैसा जिस काम के लिए मिला था, वहां तो लगा नहीं; 'दीक्षित जी' ने उस रक़म को बड़ी नफासत से इधर-उधर डायवर्ट कर अपनी जेबें तर कर लीं।
कोर्ट की पेशी से 'छूमंतर' और भगोड़े का तमगा
साल 2016 आया। सोनीपत में किसी और मामले की पेशी चल रही थी। पुलिस सुरक्षा का मुआयना करते हुए दीक्षित साहब ने 'अतिथि कब जाओगे' की तर्ज पर पुलिस कस्टडी से ही रफूचक्कर होने का फैसला ले लिया। इसके बाद वह ऐसे गायब हुए कि ट्रायल कोर्ट को 2017 में बाकायदा कागजों पर मुहर लगाकर कहना पड़ा— 'श्रीमान, आप आधिकारिक तौर पर भगोड़े हैं!'
वडोदरा में भारद्वाज बने, पर देवी मां ने नहीं बख्शा
करीब एक दशक तक पुलिस को अंगूठा दिखाने वाले इस शातिर ने वडोदरा में नया ठिकाना बनाया और नाम रख लिया— पंकज भारद्वाज (सुपुत्र: बृजमोहन भारद्वाज)। पहचान नई, शहर नया, मगर सीबीआई की मुखबिरी का नेटवर्क पुराना।
जनवरी 2026 में जब खुफिया तंत्र सक्रिय हुआ, तो पता चला कि दुनिया भर को टोपी पहनाने वाले 'भारद्वाज जी' राजस्थान के बांसवाड़ा स्थित माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पुण्य कमाने पहुंचे हैं। 30 जनवरी 2026 को जब वह मंदिर परिसर में पाप धोने की मुद्रा में थे, तभी सीबीआई की टीम ने पीछे से कंधे पर हाथ रख दिया।
कटघरे में 'सच्चे भक्त' की तरह कबूला गुनाह
राउज एवेन्यू की विशेष अदालत में जब हथकड़ी सहित हाजिरी लगी, तो फर्जीवाड़े के सारे पैंतरे धरे के धरे रह गए। चीटिंग, जालसाजी, बहरूपिया बनने और आपराधिक साजिश के सभी आरोपों पर मुलजिम ने खुद ही 'हाँ साहब, गुनाहगार हूँ' का हलफनामा दे दिया।
अदालत ने भी तल्खी के साथ इंसाफ की कलम चलाई— 7 साल तक जेल की रोटियां और 1.60 लाख का जुर्माना। यानी अब अगले सात बरस तक न कोई नई फर्म खुलेगी, न कोई नया नाम मिलेगा; सिर्फ कैदी नंबर और जेल का कठोर अनुशासन चलेगा।