खाकी में छिपे रिश्वतखोरों पर CBI का करारा प्रहार, NCB के दो भ्रष्ट सब-इंस्पेक्टर 12 लाख की घूस लेते रंगे हाथों दबोचे गए

Mansoor Ali✍️

नई दिल्ली/लखनऊ | हिस्ट्रीशीट ब्यूरो (www.historysheet.co.in) भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कानून के रखवाले ही अगर भक्षक बन जाएं, तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। CBI ने एक बेहद सख्त और गोपनीय ऑपरेशन को अंजाम देते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के दो वसूलीबाज सब-इंस्पेक्टरों को 12 लाख रुपये की मोटी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। शनिवार, 14 नवंबर को हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब दोनों भ्रष्ट अधिकारी सलाखों के पीछे हैं और अदालत ने उन्हें 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

फर्जी केस का डर दिखाकर रची थी 50 लाख की उगाही की साजिश

मामला NCB की दिल्ली जोनल यूनिट (आर.के. पुरम) से जुड़ा है, जहां तैनात एक सब-इंस्पेक्टर/जांच अधिकारी ने अपनी वर्दी और पद का रौब दिखाकर एक नागरिक को NDPS एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इस फर्जी केस से बचाने के नाम पर इस भ्रष्ट अधिकारी ने सीधे 50 लाख रुपये की भारी-भरकम घूस की मांग कर डाली।

CBI की पैनी नजर और बिछाया गया अचूक जाल

पीड़ित ने इस वसूली के आगे झुकने के बजाय सीधे CBI का दरवाजा खटखटाया। CBI ने मामले की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल गोपनीय सत्यापन किया, जिसमें NCB अधिकारी की काली करतूत की पुष्टि हो गई। जांच में सामने आया कि सौदा 25 लाख रुपये में तय हुआ था और पहली किस्त के तौर पर 12 लाख रुपये वसूले जाने थे।

इसके बाद CBI की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने 14 नवंबर को ऐसा अचूक जाल बिछाया कि आरोपी अधिकारी बचकर निकल न सके। जैसे ही मुख्य आरोपी सब-इंस्पेक्टर ने अपने एक अन्य साथी सब-इंस्पेक्टर के जरिए शिकायतकर्ता से 12 लाख रुपये की रिश्वत वसूली, पहले से घात लगाकर बैठी CBI की टीम ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

भ्रष्ट तंत्र को CBI की दो टूक चेतावनी

CBI के इस कड़े प्रहार से सरकारी महकमों में छिपे भ्रष्ट अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। एजेंसी ने साफ संदेश दिया है कि पद की आड़ में जनता को लूटने वाले किसी भी लोक सेवक को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की परतें खोलने के लिए CBI की तफ्तीश जारी है।

रिश्वतखोरों के खिलाफ CBI से करें सीधा संपर्क

CBI ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी भ्रष्ट अधिकारी के दबाव में न आएं और रिश्वत मांगने वालों को बेनकाब करने के लिए आगे आएं। यदि दिल्ली क्षेत्र में कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी आपसे घूस मांगता है, तो तुरंत इन माध्यमों पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं:

  • कार्यालय का पता: कार्यालय CBI, ACB दिल्ली, पहली मंजिल, सीबीआई बिल्डिंग, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली
  • लैंडलाइन नंबर: 011-24367887
  • मोबाइल नंबर: 9650394847

जन जागरूकता संदेश (www.historysheet.co.in द्वारा जनहित में जारी): यदि केन्द्र सरकार के किसी विभाग (रेलवे, पोस्ट ऑफिस, बैंक, केन्द्रीय शिक्षण संस्थान, ई.पी.एफ.ओ., कस्टम (सीमा शुल्क), जी.एस.टी., इनकम टैक्स, आई.ओ.सी.एल., बी.पी.सी.एल., एच.पी.सी.एल. एवं बीमा कंपनी (एल.आई.सी.) इत्यादि) का कोई भी कर्मचारी आपसे घूस/रिश्वत मांगे, तो सी.बी.आई. लखनऊ को फोन/व्हाट्सएप नम्बर 9839017772 / 9415012635 / 0522-2234926 पर सूचित करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post