Mansoor Ali✍️
लखनऊ | हिस्ट्रीशीट ब्यूरो (www.historysheet.co.in)
राजधानी लखनऊ में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए मीडिया जगत से जुड़े प्रतिष्ठित समाजसेवी और जाने-माने बड़े व्यवसायी सादिक अली की कार को जान से मारने की नीयत से पीछे से जोरदार टक्कर मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह खौफनाक घटना बुद्धेश्वर से मोहान रोड होते हुए हरदोई जाते समय शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय के ठीक सामने हुई। अचानक हुई इस भीषण टक्कर से सादिक अली की गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा और कार में सवार लोगों में चीख-पुकार व दहशत फैल गई। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना पारा पुलिस ने केस दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुद्धेश्वर से मोहान रोड जाते समय शकुंतला विश्वविद्यालय के सामने हुआ हमला पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के मुताबिक, मीडिया जगत के चर्चित चेहरे, समाजसेवी और बड़े व्यवसायी सादिक अली अपनी कार (UP32SA4040) से बुद्धेश्वर से मोहान रोड होते हुए हरदोई की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय के सामने पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक हुंडई ऑरा कार (UP31CQ2486) में सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी में सीधे जोरदार टक्कर मार दी।
गाड़ी में सवार लोगों में मची चीख-पुकार, भारी नुकसान अचानक पीछे से हुई यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सादिक अली की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। इस अप्रत्याशित हमले से गाड़ी के भीतर बैठे सादिक अली और अन्य लोगों में भारी दहशत फैल गई। सादिक अली ने अपनी तहरीर में साफ आशंका जताई है कि यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि उन्हें जान से मारने की नीयत से किया गया सुनियोजित हमला था।
भागने की फिराक में थे बदमाश, अन्य वाहन भी हुए क्षतिग्रस्त आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद जब हमलावरों को रोकने की कोशिश की गई, तो वे गाड़ी लेकर मौके से भागने का प्रयास करने लगे। इस दौरान बेकाबू कार की चपेट में आकर सड़क पर चल रहे कुछ अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
मीडिया और व्यापार जगत में भारी आक्रोश, पुलिस ने 4 को किया गिरफ्तार समाजसेवा और मीडिया जगत से जुड़े एक प्रतिष्ठित व्यवसायी के साथ सरेराह हुई इस वारदात के बाद से राजधानी के मीडियाकर्मियों और व्यवसायी वर्ग में भारी भय, आतंक और आक्रोश का माहौल है। सभी ने इस पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पारा पुलिस ने 16 नवंबर 2026 की शाम 7:57 बजे एफआईआर संख्या 0789 दर्ज की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 281 और 324(4) के तहत मुकदमा पंजीकृत करते हुए कार्रवाई तेज की और इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। केस की विवेचना उपनिरीक्षक गिरिश कुमार कर रहे हैं, जो अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस हमले के पीछे की असली मंशा और पूरी साजिश की तह तक जाने में जुटे हैं।
(ऐसी ही बड़ी और सनसनीखेज खबरों के लिए जुड़े रहें www.historysheet.co.in के साथ)