Mansoor Ali✍️
कटनी/लखनऊ (www.historysheet.co.in):
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मध्य प्रदेश के कटनी में रेलवे के एक ‘त्योहारी शिकारी’ का ऐसा सटीक हाजमा दुरुस्त किया है कि पूरे महकमे में सन्नाटा पसर गया है। पश्चिम मध्य रेलवे, न्यू कटनी जंक्शन पर तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर साहब मुगालते में थे कि दीवाली सिर पर है, तो साक्षात लक्ष्मी जी को उनकी ही जेब में लैंड करना चाहिए। साहब ने 30 गरीब मजदूरों को नौकरी पर बनाए रखने के एवज में प्रति मजदूर 1,500 रुपये के हिसाब से पूरे 45,000 रुपये का ‘त्योहारी टोल टैक्स’ तय कर दिया।
शिकायतकर्ता ने जैसे ही सीबीआई को कानाफूसी की, एजेंसी ने 5 नवंबर को मुकदमा दर्ज किया और 6 नवंबर को कटनी में बाकायदा जाल बिछाकर इंजीनियर साहब को 45 हजार रुपये की रिश्वत दबाते रंगे हाथों दबोच लिया। दफ्तर से लेकर आशियाने तक तलाशी हुई, फाइलें समेटी गईं और जबलपुर की सक्षम अदालत ने साहब को 12 नवंबर तक सीधे जेल की सींकचों के पीछे भेज दिया। यानी साहब ने सोची थी काजू-कतली, लेकिन नसीब में मुकर्रर हुई जेल की बिना नमक वाली दाल।
इतिहास गवाह है: 8 नवंबर 2023 की वो ‘10 लाख वाली मिठाई’ भूल गए क्या?
कटनी का यह तमाचा लखनऊ के आलमबाग स्थित सवारी और माल डिब्बा कारखाने (C&W) के उन भ्रष्ट नुमाइंदों के गाल पर लाल निशान छोड़ रहा है, जो इतिहास से सबक लेने को तैयार नहीं हैं।
ज्यादा पुरानी बात नहीं है, ठीक तीन साल पहले यानी 8 नवंबर 2023 की वही दीवाली की खुमारी थी। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के निर्माण विभाग में डिप्टी सीई कंस्ट्रक्शन (द्वितीय) हरीश कुमार के बंदरिया बाग स्थित आवास और चारबाग दफ्तर पर सीबीआई ने ऐसा धावा बोला था कि तोते उड़ गए थे। ठेकेदार वीरेंद्र तोमर अपने सुपुत्र के साथ साहब की चौखट पर पूरे 10 लाख रुपये की ‘दीवाली की मिठाई’ (घूस) लेकर खिदमत में हाजिर हुआ था। नतीजा क्या हुआ? करोड़ों की नकदी, जेवरात जब्त हुए और साहब समेत ठेकेदार पिता-पुत्र तीनों को सीबीआई ने सीधे सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
आलमबाग कारखाने के ‘लोहा-कटवा सिंडिकेट’ को सीधी नसीहत:
आलमबाग कारखाने के दफ्तरों में इन दिनों फाइलों के निस्तारण से ज्यादा गहमागहमी ठेकेदारों और वेंडरों की गाड़ियों की डिक्की से उतरने वाले 'सप्रेम भेंट' के कार्टनों को लेकर है। लेकिन असली खेल तो कारखाने की बाउंड्री के भीतर चल रहा है, जहाँ कुछ 'गिफ्ट-प्रेमी' अफसरान ठेकेदारों के साथ मिलकर सरकारी लोहा और कीमती स्क्रैप पार कराने में मुस्तैद हैं।
कारखाने के इन सफेदपोश 'स्क्रैप-माफियाओं' के लिए कुछ कड़वे नुस्खे:
- लोहे की दलाली और हथकड़ी का वजन: सरकारी लोहा चोरी कराने में ठेकेदारों की मदद करके जो माल आप कूट रहे हैं और बदले में महंगे गिफ्ट हैंपर व चांदी के सिक्के बटोर रहे हैं, याद रखिए कि उसी लोहे से बनी बेड़ियां जब हाथ में पड़ेंगी तो सारा वजन एक झटके में समझ आ जाएगा। मिठाई के डिब्बे के नीचे नोटों की गड्डियां दबाकर लेने की नीयत है, तो रिमांड का वारंट भी उसी चाशनी में लिपटा मिलेगा।
- हरीश कुमार और कटनी वाले साहब से ट्यूशन ले लीजिए: काम अटकाकर नजराना वसूलना या रेलवे की संपत्ति पर डाका डलवाकर ठेकेदारों से दीवाली की 'रिश्वत रूपी मिठाई' लेना आपका पैतृक अधिकार नहीं है। 10 लाख की मिठाई खाने वाले हरीश कुमार हों या 45 हजार के चक्कर में नपे कटनी के इंजीनियर, सीबीआई जब कॉलर पकड़ती है तो सारा रसूख धुआं हो जाता है।
- मुफ्त का मेवा और बदहजमी का परमानेंट इलाज: तनख्वाह सरकार से भरपूर मिल रही है, इसलिए दीवाली की सोनपापड़ी अपने पैसों से खरीदिए। ठेकेदारों की 'चाशनी' और स्क्रैप की काली दलाली में उंगलियां डुबोने की आदत अगर न छूटी, तो जिस दिन एजेंसी की टीम चेंबर में दाखिल होगी, उस दिन न तो कोई आका काम आएगा और न ही कोई ठेकेदार।
आलमबाग सीएंडडब्ल्यू कारखाने के इस सिंडिकेट के लिए यह खुला आईना है। मुफ्तखोरी, कमीशनखोरी और लोहा चुरवाने की यह साठगांठ फौरन बंद कर दीजिए, वरना www.historysheet.co.in की अगली सुर्खी में आपकी भी तस्वीर के नीचे लिखा होगा—‘सीबीआई ने रंगे हाथों दबोचा!’
Mansoor Ali +91 7860122277