नवाबों के शहर में उतरा एविएशन का 'दारा सिंह': लखनऊ के रनवे पर जब पहली बार 'बोइंग 777' ने जमाए अपने कदम!

Mansoor Ali✍️

लखनऊ {Historysheet.co.in} राजधानी में अब तक आपने सिर्फ कबाबों का साइज और नवाबों का मिजाज बड़ा देखा होगा, लेकिन मंगलवार की आधी रात अमौसी एयरपोर्ट ने सचमुच ‘साइज डज मैटर’ की मिसाल पेश कर दी। सऊदी अरब की सऊदिया एयरलाइंस का आसमानी बाहुबली—बोइंग 777 (B-777)—चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सरजमीं पर पूरी नफासत और धमक के साथ उतर गया। एयरपोर्ट के इतिहास में यह पहला मौका था जब रनवे ने इतने भारी-भरकम मेहमान का इस्तकबाल अपनी पीठ पर किया।

रात 12:50 पर हुआ 'मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं'

मंगलवार देर रात जब शहर के बाकी लोग शीरमाल और बिरयानी के ख्वाब देख रहे थे, ठीक 12:50 बजे फ्लाइट SV-892 ने अमौसी की जमीन को चूमा। इस महाबली परिंदे के पेट में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 430 मुसाफिर सवार थे। इतने लोग एक साथ उतरे कि एयरपोर्ट के बैगेज बेल्ट को भी थोड़ी देर के लिए लगा होगा कि आज कोई शादी की पूरी बारात एक साथ खाड़ी से लैंड कर गई है!

​2:30 बजे 'अलविदा' और 300 मुसाफिर रवाना

अमौसी की जमीन पर करीब डेढ़ घंटे सुस्ताने, चाय-पानी (यानी एविएशन फ्यूल) लेने के बाद, यही विमान फ्लाइट SV-893 बनकर रात 2:30 बजे करीब 300 मुसाफिरों को लेकर वापस सऊदी अरब के लिए फुर्र हो गया। खाड़ी में नौकरी करने वाले लखनवियों और उमराह पर जाने वालों के लिए यह सफर किसी लॉटरी से कम नहीं रहा—न कोई कनेक्टिंग फ्लाइट का झंझट, न पैर सिकोड़कर बैठने की मजबूरी।

​रनवे ने ली राहत की सांस—'हम भी किसी से कम नहीं!'

अमौसी एयरपोर्ट का 2744 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे कल रात अपनी पूरी चौड़ाई में सीना ताने खड़ा था। अमूमन छोटे-मझोले विमानों को झेलने वाले इस रनवे ने साबित कर दिया कि वह सिर्फ घरेलू पतंगें ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय एविएशन के 'दारा सिंह' को भी बड़े प्यार से झेल सकता है।

​इस कामयाब लैंडिंग के बाद अब दुनिया की बाकी एयरलाइंस भी अपने बड़े जहाजों को लखनऊ भेजने के लिए लाइन लगा सकती हैं। कुल मिलाकर, लखनऊ ने साबित कर दिया कि तहजीब अपनी जगह है, लेकिन जब बात इंफ्रास्ट्रक्चर की आती है, तो शहर का रनवे भी अब 'सुपर-साइज' मेहमानों के लिए पूरी तरह तैयार है!

Post a Comment

Previous Post Next Post