25 साल बाद 'घोटाले का चारा’ अटका गले में: नेपाल में काटी चांदी, लखनऊ स्टेशन पर CBI ने काट दिया चालान!
Mansoor Ali
लखनऊ / historysheet.co.in
दौर बदला। सदियां बदलीं। रुपया बदला।पर सत्येंद्र कुमार का 'हाइड एंड सीक' नहीं बदला।
चारा घोटाले के इस ‘गुमनाम साधक’ को गलतफहमी थी कि जुर्म की भी कोई एक्सपायरी डेट होती है।
तारीख थी 2001। सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल की। सत्येंद्र जी कोर्ट से ऐसे गायब हुए कि तारीखें थक गईं। अदालत ने थक-हारकर 'उद्घोषित अपराधी' घोषित कर दिया। स्थायी वारंट जारी हुआ। मगर जनाब हवा हो चुके थे।
ठिकाना चुना सीधे नेपाल।
हिमालय की वादियों में 25 साल सुकून से कटे। लगा कि चारा पच गया। फाइलें सड़ गईं। कानून भूल गया।
मगर ‘होमसिकनेस’ बड़ी जालिम चीज है। जनाब नेपाल की सीमा लांघकर भारत लौटे। मध्य प्रदेश के गुना पहुंचे।
उन्हें लगा, ढाई दशक बाद भला कौन सा चेहरा पहचाना जाएगा?
गुना से ट्रेन पकड़ी। नवाबी शहर लखनऊ के ठाठ देखने निकले थे।
मगर चारबाग रेलवे स्टेशन पर जैसे ही डिब्बे से कदम नीचे रखा, सामने गुलदस्ते की जगह सीबीआई का वारंट था।
अधिकारियों की खामोश मुस्कान ने सब कह दिया—'सिल्वर जुबली मुबारक़, जनाब!'
लखनऊ में लिखा-पढ़ी पूरी हो चुकी है। रांची की ट्रांजिट रिमांड कट गई है।
जहां से कहानी शुरू हुई थी, वहीं खत्म होगी। अब जज साहब होंगे। पुराना चारा होगा। और 25 साल का पूरा हिसाब होगा।
सीबीआई ने साफ कर दिया—चारा भले ही पच जाए, कानून का हाज़मा कभी खराब नहीं होता!