खाकी के खून का हिसाब: 11 साल तक आज़ाद घूमा 'बोचा', अब 10 साल सलाखों के पीछे काटेगा दिन!

मॉडल शॉप का ‘हैंगओवर’, 11 साल का इंतज़ार और 10 साल की सलाखें: प्रतापगढ़ इंस्पेक्टर कांड में ‘बोचा’ का भी कटा चालान!

Mansoor Ali✍️

लखनऊ / प्रतापगढ़ historysheet.co.in तारीखें बदल गईं। कैलेंडर घिस गए। यहां तक कि मॉडल शॉप की बीयर भी बासी होकर इतिहास बन गई।

मगर कानून का बहीखाता खुला रहा।

पूरे 11 साल लगे। आखिरकार प्रतापगढ़ के चर्चित इंस्पेक्टर गैर-इरादतन हत्याकांड में सीबीआई की विशेष अदालत ने दूसरे किरदार 'बोचा' उर्फ राजू सोनी की फाइल पर भी मुहर लगा दी।

इनाम मिला—10 साल की बामशक्कत कैद और 9 हजार रुपये का सरकारी जुर्माना।

कहानी फ्लैशबैक में चलती है। साल था 2015। महीना नवंबर का।

जगह—प्रतापगढ़ की मशहूर वैष्णवी होटल वाली मॉडल शॉप। जहां जाम टकराने चाहिए थे, वहां कानून टकरा गया।

उस वक्त के निलंबित कोतवाल साहब, इंस्पेक्टर अनिल कुमार की जान चली गई। मामला गैर-इरादतन हत्या में दर्ज हुआ। खाकी का मामला था, सो फाइलों का धूल फांकना लाजिमी था।

लोकल पुलिस जब जांच का सिरा नहीं ढूंढ पाई, तो मामला पहुंचा हाईकोर्ट।

अदालत ने 2018 में सीबीआई को जगाया—'जरा आप भी देख लीजिए।'

सीबीआई आई। जांच की सुई घूमी और दो नाम पन्नों पर चस्पा हो गए—जीशान खान और बोचा उर्फ राजू सोनी। 2022 आते-आते आरोप भी तय हो गए।

इंसाफ की गाड़ी अपनी पुरानी कछुआ चाल से रेंग रही थी।

तभी सह-आरोपी जीशान खान के भीतर अचानक 'सत्यवादी हरिश्चंद्र' जाग गए। इस साल अप्रैल में उन्होंने लिखित अर्जी देकर हाथ खड़े कर दिए—'हां हुजूर, खता हुई है।'

कोर्ट ने उनके इस कन्फेशन का सम्मान किया। मई में 10 साल की सजा और 9 हजार का जुर्माना थमाकर उन्हें पहले ही जेल की सैर पर भेज दिया।

इधर बोचा जी शायद मुगालते में थे। उन्हें लगा कि साथी जेल चला गया, तो क्या पता अपना नंबर टल जाए।

मगर सीबीआई कोर्ट ने उनकी गलतफहमी भी दूर कर दी।

23 अक्टूबर को अदालत ने साफ कर दिया कि जुर्म का डिस्काउंट कूपन सबको एक जैसा मिलता है। बोचा को भी वही पैकेज दिया गया—10 साल जेल, 9 हजार का दंड।

11 साल बाद सही, मगर मॉडल शॉप की उस मनहूस शाम का पूरा हिसाब अब मुकम्मल हो चुका है।

सीबीआई की अदालत ने संदेश साफ दे दिया—कानून अंधा भले हो, मगर जब जागता है तो 11 साल पुरानी उधारी भी पूरे नौ हजार के ब्याज समेत वसूलता है!

Post a Comment

Previous Post Next Post