डॉक्टर साहब ने मांगी ₹1 लाख की "विटामिन M", CBI ने काट दिया तिहाड़ का परवाना
—भगवान महावीर अस्पताल में भी बेईमानी
Mansoor Ali✍️
लखनऊ/नई दिल्ली (ब्यूरो/historysheet.co.in)। मेडिकल की पढ़ाई में सिखाया जाता है कि सही दवा से बीमारी ठीक होती है, लेकिन पीतमपुरा स्थित भगवान महावीर अस्पताल के मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. हरेंद्र कुमार को लगा कि टेंडर का स्वास्थ्य सुधारने के लिए ‘विटामिन-एम’ (मनी) की खुराक सबसे ज्यादा जरूरी है। हालांकि, यह खुराक मरीज के काम आती इससे पहले ही सीबीआई ने उनकी नब्ज पकड़ ली और सीधे हवालात का नुस्खा थमा दिया।
मामला रानीबाग के भगवान महावीर अस्पताल का है। यहां मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टर डॉ. हरेंद्र कुमार के कंधों पर ‘नोडल ऑफिसर (आउटसोर्सिंग)’ का भारी-भरकम दायित्व भी था। पद बड़ा, तो साहब की उम्मीदें भी बड़ी थीं।
डॉक्टरी नुस्खा: फाइल में 'रेड फ्लैग' का डर और 1 लाख की डोज कहावत है कि डर सबसे बड़ा कारोबार है। डॉ. हरेंद्र कुमार ने भी आउटसोर्सिंग एजेंसी के शिकायतकर्ता को एक खास किस्म के ‘आधिकारिक दर्द’ का अहसास कराया। धमकी साफ थी—अगर वक्त पर बिल पास कराने हैं, टेंडर को रद्द होने से बचाना है और चाहते हो कि फाइलों में बेवजह कोई ‘लाल झंडी’ (Red Flag) न गढ़े, तो एक लाख रुपये की फीस पेश करनी होगी। यानी टेंडर की जिंदगी बचाने के लिए एक लाख रुपये का लाइफ-सपोर्ट सिस्टम मांगा गया।
ऑपरेशन थिएटर से बाहर का जाल: बिचौलिया बना नर्सिंग अर्दली प्रदीप कुमार साहब डॉक्टर ठहरे, तो सीधे हाथ गंदे करने का जोखिम क्यों लेते? उन्होंने इस काम में अस्पताल के संविदा नर्सिंग ऑर्डरली सुपरवाइजर प्रदीप कुमार को अपना ‘कंपाउंडर’ बना दिया। तय हुआ कि डॉक्टर साहब दूर से पर्चा लिखेंगे और नजराना प्रदीप कुमार के हाथों डिलीवर होगा।
शिकायतकर्ता ने डॉक्टर साहब के इस ‘इलाज’ पर भरोसा करने के बजाय मामले की दूसरी राय (Second Opinion) सीधे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से ले ली। 21 अक्टूबर को सीबीआई ने केस दर्ज किया और बिना किसी देरी के एक मुकम्मल ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की तैयारी कर ली।
रंगे हाथ धरे गए, अब सीबीआई करेगी पूरा इलाज जैसे ही डॉ. हरेंद्र कुमार के इशारे पर संविदा सुपरवाइजर प्रदीप कुमार ने एक लाख रुपये के बंडल पर हाथ रखा, पीछे से सीबीआई की टीम ने दस्तक दे दी। पलक झपकते ही विशेषज्ञ डॉक्टर डॉ. हरेंद्र कुमार और उनके सहयोगी प्रदीप कुमार दोनों को रंगे हाथ दबोच लिया गया। जिस फाइल पर डॉक्टर साहब लाल झंडी लगाने से बचने की कीमत मांग रहे थे, अब उसी फाइल पर सीबीआई ने पक्का ‘रेड मार्क’ लगाकर दोनों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
सीबीआई का कहना है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में गहन ‘जांच-पड़ताल’ जारी है।
जनहित में जारी: अगर कोई अफसर मांगे ‘चाय-पानी’ सीबीआई ने साफ कर दिया है कि अगर कोई भी सरकारी मुलाजिम फाइलों को पास करने के लिए ‘एक्स्ट्रा फीस’ की मांग करे, तो चुपचाप सहने के बजाय सीधे सीबीआई से संपर्क करें:
पता: सीबीआई एसीबी कार्यालय, प्रथम तल, सीबीआई बिल्डिंग, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली
लैंडलाइन: 011-24367887
मोबाइल: 9650394847
हमसे संपर्क: www.historysheeter.co.in मोबाइल: +91 78601 22277