सोलर लोन पर 'कट' मांग रहे बैंक मैनेजर रस्तोगी साहब को CBI का तगड़ा करंट, अदालत ने काटा 4 साल की क़ैद बामशक्कत का टिकट

Mansoor Ali✍️
लखनऊ / बलरामपुर (historysheet.co.in ब्यूरो)। एक कारोबारी बलरामपुर में सोलर लाइटें लगाकर लोगों की ज़िंदगी रोशन करने निकला था, लेकिन बैंक ऑफ बड़ौदा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक सुबोध कुमार रस्तोगी ने सोचा कि बहती गंगा में पहले वो अपने घर का बल्ब जला लें। मगर दांव ऐसा उल्टा पड़ा कि सीबीआई के एक ही झटके में साहब का पूरा पावर हाउस फुस्स हो गया। लखनऊ स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने रिश्वतखोरी के मामले में रस्तोगी जी की सारी हेकड़ी निकालते हुए उन्हें 4 साल के कठोर कारावास और 30,000 रुपये के जुर्माने की रसीद थमा दी है।
लोन जनता का, 'दलाली' अपनी:—
किस्सा साल 2015 का है। सोलर लाइट के कारोबार को बड़ा करने के लिए एक उद्यमी का 5 लाख रुपये का लोन मंजूर हुआ। अब बैंक की गद्दी पर विराजमान रस्तोगी जी को लगा कि बिना 'दक्षिणा' के सरकारी पहिया कैसे घूमेगा?
पहली किश्त के तौर पर जब 1.25 लाख रुपये का टर्म लोन जारी हुआ, तो साहब ने बड़ी मासूमियत से 25 हजार रुपये अपनी जेब में सरका लिए। नाम भी बड़ा तकनीकी दिया—"सीए की फीस, स्टांप पेपर और फाइल का चंदा!" उद्यमी ने मजबूरी में कड़वा घूंट पी लिया, पर मैनेजर साहब को लगा कि ग्राहक सीधा है, इसे अभी और निचोड़ा जा सकता है।

'अकाउंट बंद कर देंगे'... और फ्रीज़ हो गया खुद का करियर:—
रस्तोगी जी की तलब यहीं नहीं थमी। जब बाकी के 3.75 लाख रुपये कैश क्रेडिट लिमिट के तौर पर खाते में आए, तो साहब ने फिर से रंगदारी वाला चोला पहन लिया। सीधा अल्टीमेटम दिया—"25 हजार रुपये और लाओ, वरना खाता ऐसा लॉक करूंगा कि कारोबार भूल जाओगे!"

बस यहीं मैनेजर साहब मात खा गए:— कारोबारी ने डरने के बजाय चुपके से सीबीआई का दरवाजा खटखटा दिया। 26 अक्टूबर 2015 को सीबीआई ने जाल बुना और जैसे ही रस्तोगी जी ने पहली किस्त के 10,000 रुपये पर हाथ साफ किया, टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। सीबीआई के केमिकल ने नोटों के साथ-साथ मैनेजर साहब के पूरे करियर का रंग उड़ा दिया।

चार्जशीट से चारदीवारी तक का सफर:—
सीबीआई ने मामले की जांच पूरी कर दिसंबर 2015 में ही चार्जशीट दाखिल कर दी थी। अदालत में चली लंबी सुनवाई के दौरान मैनेजर साहब के तमाम पैंतरे धरे के धरे रह गए। अदालत ने दो टूक संदेश दिया कि बैंक की कुर्सी जनता को सुविधाएं देने के लिए है, वसूली का अड्डा चलाने के लिए नहीं। कुल 10 हजार की रिश्वत के चक्कर में रस्तोगी जी को अब 4 साल जेल की दाल-रोटी तोड़नी पड़ेगी और 30 हजार रुपये का जुर्माना अलग से भरना होगा। इसे कहते हैं—न खुदा ही मिला, न विसाले-सनम!

historysheet.co.in की दो-टूक:—
रिश्वत से काम नहीं, कानून से भ्रष्टाचारियों का इलाज कराइए। अक्सर लोग बैंकों या सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से घबराकर 'सुविधा शुल्क' देकर रास्ता नाप लेते हैं, लेकिन बलरामपुर के इस सोलर कारोबारी ने साबित कर दिया कि असली मर्दानगी रिश्वत देने में नहीं, घूसखोर को नपवाने में है। अगर कोई भी बैंक मैनेजर या सरकारी बाबू आपके जायज लोन या काम के बदले 'फाइल चार्ज', 'वेरिफिकेशन फीस' या खुली घूस मांगे, तो डरकर अपनी गाढ़ी कमाई उनकी जेब में मत डालिए।
चुपचाप रिश्वत देना भ्रष्टाचार को पालना-पोसना है; सही रास्ता है सुबूत जुटाना और सीबीआई या विजिलेंस का फंदा कसवाना। अगर आपके साथ भी कोई सरकारी तंत्र या बैंक ऐसी ज्यादती कर रहा है, तो डरिए मत। सही कानूनी रास्ता अख्तियार करने और अपनी आवाज उठाने में historysheet.co.in आपके साथ खड़ा है। आप मदद या जानकारी के लिए सीधे मोबाइल नंबर +91 7860122277 पर संपर्क कर सकते हैं। याद रखिए, जब कलम और कानून का डंडा एक साथ चलता है, तो बड़े-बड़े साहबों की हेकड़ी सलाखों के पीछे ही शांत होती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post