Mansoor Ali✍️
अखिलेश की साइकिल के नए मॉडल ने पुराने इंजन को मार्गदर्शक मंडल में भेज दिया!
लखनऊ / रामपुर (www.historysheet.co.in) सियासत में जब सितारे बुलंदी पर हों, तो इंसान खुद को 'खुदा' समझने की भूल कर बैठता है, और जब वही सितारे गर्दिश में आते हैं, तो जुबान पर मिर्ज़ा ग़ालिब का वही मशहूर दर्द तैरता है—‘ना खुदा ही मिला, ना विसाल-ए-सनम, ना इधर के हुए, ना उधर के हुए!’
कभी रामपुर की सड़कों पर अफसरों को "आचार संहिता हटने के बाद देख लेने" की धौंस देने वाले आजम खान की सियासी फाइल जब खुली, तो कानून और वक्त—दोनों ने मिलकर ऐसी 'हिस्ट्रीशीट' तैयार की कि अब सिर्फ तारीखें बाकी हैं और रुतबा नदारद।
'नेताजी' की साइकिल से 'अखिलेश' के स्मार्ट स्कूटर तक
नब्बे के दशक में जब मुलायम सिंह यादव के साथ साइकिल की सवारी शुरू हुई थी, तब आजम खान उस साइकिल का वो हैंडल थे, जिसके मुड़े बिना पहिया घूम ही नहीं सकता था। लेकिन जैसे ही साइकिल 'अखिलेश मॉडल' में अपग्रेड हुई, नए लड़कों ने पुराने पार्ट्स को सीधे 'विंटेज' घोषित कर किनारे लगा दिया। 2016 के सपाई दंगल में मंच पर पिता-पुत्र का टकराव हुआ, आग लगाने का इल्जाम आजम पर लगा, मगर खेल खत्म होते-होते समझ आया कि नई सपा में ऊंची आवाज में बोलने का कॉपीराइट सिर्फ एक ही शख्स के पास बचा है।
'तेज पत्ता' थ्योरी और सैफई की शाही दावत
पुरानी कहावत है कि सियासत की बिरयानी में कुछ नेताओं की हैसियत सिर्फ ‘तेज पत्ते’ जैसी होती है—जब तक हांडी खदकती है, तब तक खुशबू का लुत्फ लिया जाता है, और प्लेट में परोसते ही सबसे पहले उसे चम्मच की नोक से बाहर फेंक दिया जाता है।
जब आजम साहब जेल की सीलन भरी कोठरी में अचार-रोटी से भूख का हिसाब लगा रहे थे, उस वक्त सैफई में शादियों की शहनाइयों के बीच बड़े-बड़े 'भगवा' दिग्गजों के साथ ठहाके गूंज रहे थे। गोमती रिवर फ्रंट से लेकर न जाने कितनी फाइलों पर धूल जम गई और अखिलेश जी के माथे पर शिकन तक नहीं आई, उधर रामपुर में आजम के सियासी किले पर योगी जी के बुलडोज़र ने ऐसा 'डिमोलिशन ड्राइव' चलाया कि पत्थरों को भी संविधान याद आ गया।
बाबा का कायदा और कैमरे वाला 'हाथ'
उधर गोरखपुर से निकले 'बाबा' ने लखनऊ की गद्दी संभालते ही बिगड़े सियासी मिजाज वालों को कायदे की क्लास में बैठा दिया। आजम खान ने मंच पर कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए बाबा का हाथ पकड़कर सुलह की पुरानी 'सपाई तरकीब' आजमाने की भरपूर कोशिश की, मगर बाबा ने हाथ तो थामा, लेकिन बुलडोज़र का एक्सीलेटर नहीं छोड़ा। नतीजा यह हुआ कि आचार संहिता को धता बताने वाले साहब, मुकदमों की ऐसी संहिता में उलझे कि रिहाई के लिए दुआओं का सहारा लेना पड़ गया।
दिल्ली का मंच, रामपुर का टिकट और 'गेम ओवर'
विरोधी जब दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकतंत्र बचाने जुटे, तो माइक पर सब बोले, लेकिन आजम खान का नाम लेना सब भूल गए। रामपुर में भी अखिलेश यादव ने मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को सिंबल थमाकर साफ फरमान सुना दिया—"साहब, अब हमें लाउडस्पीकर नहीं, हेडफोन वाले नेता पसंद हैं!"
जिस पार्टी के लिए आजम ने दिल्ली से लेकर लखनऊ तक बैर मोल लिया, उसी पार्टी ने उन्हें 'आर्काइव फोल्डर' में डालकर पासवर्ड बदल लिया।
हिस्ट्रीशीट का सबक:
सत्ता किसी की बपौती नहीं होती। आजम साहब लड़ते रहे, गरजते रहे, और अंत में पार्टी ने उन्हें उस तिराहे पर लाकर छोड़ दिया जहाँ से आगे रास्ता सिर्फ कोर्ट-कचहरी की तरफ जाता है, सैफई की तरफ नहीं!